आधुनिक तकनीक, नवाचार और कृषि विविधीकरण को अपनाकर खेती को लाभकारी एवं आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। इसका प्रेरणादायक उदाहरण विकासखंड बीना के ग्राम गुलाव के प्रगतिशील किसान श्री उमेश पटेल ने प्रस्तुत किया है। उनके द्वारा विकसित एकीकृत कृषि प्रणाली का मॉडल क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा का केंद्र बन रहा है। श्री उमेश पटेल अपने पूरे परिवार के साथ खेती-किसानी के कार्य में समर्पित भाव से जुटे हुए हैं। उनके कृषि फार्म पर गेहूं, चना, ज्वार सहित विभिन्न फसलों का उत्पादन किया जा रहा है। इसके साथ ही सब्जी उत्पादन, फल बागवानी एवं अन्य उद्यानिकी गतिविधियों को भी अपनाया गया है, जिससे खेती के विभिन्न आयामों को एक साथ जोड़कर आय के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। उनके कृषि फार्म की विशेषता यहां विकसित की गई एकीकृत कृषि प्रणाली है। इसके अंतर्गत फसल उत्पादन के साथ पशुपालन, गोबर गैस संयंत्र, जैविक खाद निर्माण, पॉलीहाउस, सोलर पैनल एवं अन्य कृषि गतिविधियों का समन्वय किया गया है। इस व्यवस्था से कृषि संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और खेती को आधुनिक स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। श्री पटेल द्वारा उत्पादित सब्जियों एवं अन्य कृषि उत्पादों को सीधे बाजार तथा ऑनलाइन माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचाया जा रहा है। इससे उन्हें अपने उत्पादों के विपणन के लिए अतिरिक्त अवसर मिल रहे हैं। इस पहल को आगे बढ़ाने में कृषि विभाग, विकासखंड बीना की टीम का महत्वपूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन मिल रहा है। विशेष रूप से एसएडीओ अधिकारी श्री अवधेश राय द्वारा किसान श्री उमेश पटेल को समय-समय पर आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती, कृषि विविधीकरण, उद्यानिकी एवं एकीकृत कृषि प्रणाली के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन और प्रोत्साहन दिया जा रहा है। कृषि विभाग की टीम के सहयोग से श्री पटेल के कृषि फार्म को अन्य किसानों के लिए सीखने एवं प्रशिक्षण के उत्कृष्ट मॉडल के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के किसान भी यहां पहुंचकर आधुनिक कृषि तकनीकों एवं एकीकृत खेती की गतिविधियों को समझ रहे हैं तथा उनसे प्रेरित होकर अपने खेतों में नए प्रयोग कर रहे हैं। श्री उमेश पटेल एवं उनके परिवार की मेहनत, नवाचार के प्रति लगन और कृषि विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन का यह समन्वय आधुनिक एवं विविधतापूर्ण खेती की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल है। यह उदाहरण दर्शाता है कि पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक, कृषि विविधीकरण और एकीकृत कृषि प्रणाली को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
सफलता की कहानी
एकीकृत एवं आधुनिक खेती से किसान उमेश पटेल ने विकसित किया कृषि का प्रेरणादायक मॉडल
फसल उत्पादन के साथ पशुपालन, पॉलीहाउस, सौर ऊर्जा और जैविक खाद का कर रहे समन्वित उपयोग
गांव जंक्शन डेस्क · सागर · 16 नवंबर 2026 · 3 मिनट




