मेहनत, उद्यमशीलता और बेहतर प्रबंधन के दम पर डेयरी उद्योग में अपनी पहचान बना रहे सत्यनारायण सिंह की फैक्ट्री आज क्षेत्र में रोजगार और औद्योगिक विकास का माध्यम बन रही है। उमरिया डूंगरिया इंडस्ट्रियल एरिया के फेज- 2 में स्थापित श्री नारायण मिल्क फूड प्रोडक्ट्स में करीब 9.5 करोड़ रुपए का निवेश किया गया था। लगभग दो एकड़ क्षेत्र में फैली इस यूनिट में वर्तमान में करीब 110 लोगों को रोजगार मिल रहा है।
सत्यनारायण सिंह ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में इंडस्ट्रियल एरिया में करीब दो एकड़ जमीन लेकर फैक्ट्री स्थापित करने की शुरुआत की थी। परियोजना के लिए लगभग 9.5 करोड़ रुपए का निवेश किया गया। इसमें जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के सहयोग से शासन द्वारा संचालित एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के तहत करीब 2.80 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता मिली, जिससे उद्योग को स्थापित करने और आगे बढ़ाने में मदद मिली।
कई जिलों में दूध संग्रहण केंद्र, गांवों से जुड़ा कारोबार --
कंपनी का कारोबार केवल फैक्ट्री तक सीमित नहीं है। जिले में दूध संग्रहण केंद्र बनाए गए हैं, जहां गांव-गांव से किसानों और पशुपालकों से दूध एकत्रित किया जाता है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को बाजार उपलब्ध हो रहा है। कंपनी के उत्पादों की सप्लाई प्रदेश के करीब चार से पांच जिलों में की जाती है। वहीं, दूध की सप्लाई रायपुर, नागपुर और आसपास में भी की जा रही है।
50 से 60 करोड़ रुपए सालाना टर्नओवर --
सत्यनारायण सिंह के मुताबिक, वर्तमान में कंपनी का सालाना टर्नओवर करीब 50 से 60 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। उद्योग के विस्तार के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। आज यूनिट में लगभग 110 कर्मचारी काम कर रहे हैं।
जबलपुर में पले-बढ़े, उमरिया जिले से जुड़ी है पारिवारिक पृष्ठभूमि --
सत्यनारायण सिंह ने बताया कि उनका मूल संबंध उमरिया जिले से है, लेकिन वे बचपन से ही जबलपुर में रह रहे हैं। उन्होंने कक्षा दूसरी से जबलपुर में ही पढ़ाई और जीवन की शुरुआत की। उद्योग स्थापित करने के दौरान सामान्य व्यावसायिक चुनौतियां जरूर आईं, लेकिन उन्होंने बताया कि कोई बड़ी परेशानी नहीं रही और धीरे-धीरे सभी समस्याओं का समाधान करते हुए कारोबार आगे बढ़ता गया।
आज श्री नारायण मिल्क फूड प्रोडक्ट्स न केवल डेयरी कारोबार में अपनी पहचान बना रहा है, बल्कि ग्रामीण दुग्ध उत्पादकों को बाजार और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने में भी योगदान दे रहा है।


