जिले में शासकीय विद्यालयों के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से सतना जिले के 26 सरकारी स्कूलों में मेजर रिपेयर, नवीन भवन और मरम्मत का कार्य किया जाकर शिक्षण संस्थाओं का कायाकल्प किया जायेगा। कलेक्टर एवं मिशन संचालक सतना डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से जिले की 9 शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में मेजर रिपेयर कार्यों के लिए कुल 26.50 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। जिले के 5 जीर्ण-शीर्ण शाला भवनों के स्थान पर नवीन भवन निर्माण के लिए कुल 91.25 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसी प्रकार जिले की 12 प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के जीर्ण-शीर्ण भवनों के स्थान पर नवीन भवन निर्माण करने के लिए 196 लाख 8 हजार रूपये की राशि स्वीकृत की गई है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने सतना जिले की शैक्षणिक अधोसंरचनाओं को फोकस में रखकर ग्रामीण क्षेत्रों के जर्जर और जीर्ण-शीर्ण भवनों के स्थानों पर नवीन स्कूल भवन और मरम्मत कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। कलेक्टर द्वारा जारी की गई प्रशासकीय स्वीकृति के अनुसार मेजर रिपेयर कार्यों के अंतर्गत मझगवां विकासखंड के शासकीय माध्यमिक विद्यालय सेलौरा एवं रानीपुर को 3-3 लाख रुपये, नागौद विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय पनगरा कों 3 लाख रुपये, रामपुर बाघेलान विकासखंड के शासकीय माध्यमिक विद्यालय लेदरा में 3 लाख रुपये तथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय बीरनई में 2.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार उचेहरा विकासखंड के शासकीय माध्यमिक विद्यालय पथरहटा, मतरी पतौरा, गडौली तथा शासकीय प्राथमिक विद्यालय इचौल में प्रत्येक विद्यालय के लिए 3-3 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस प्रकार 9 विद्यालयों में मरम्मत कार्यों पर कुल 26.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यो की निर्माण एजेंसी शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) को बनाया गया है। जीर्ण-शीर्ण शाला भवनों के स्थान पर नवीन भवन निर्माण के लिए 5 विद्यालयों में 18.25 लाख रूपये ेक मान से कुल 91.25 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति की गई है। इनमें मझगवां विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय तालाब तीर, करतहा तथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय चौरेही में प्रत्येक के लिए 18.25 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। नागौद विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय चितौंधा एवं सोहावल विकासखंड के शासकीय माध्यमिक विद्यालय दिदौंध में भी प्रत्येक के लिए 18.25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन पांचों विद्यालयों में नवीन भवन निर्माण पर कुल 91.25 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। इन कार्यो की निर्माण एजेंसी शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) को बनाया गया है। इसी प्रकार राज्य शिक्षा केन्द्र के राज्य मद के अंतर्गत जीर्ण-शीर्ण शाला भवन के विरूद्ध 12 शालाओं में नवीन भवन निर्माण करने के लिए 196.08 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इनमें मझगवां विकासखण्ड के शासकीय प्राथमिक शाला बरहा, मलगउसा, शासकीय माध्यमिक हरदुआ, बंगीपुरवा को प्रत्येक को 18.25 लाख रूपये तथा हिरौंदी पंचायत के माफीटोला को 10.61 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। नागौद विकासखण्ड की शासकीय माध्यमिक शाला कचनार टिकुरी के लिए 10.61 लाख, सोहावल जनपद पंचायत के शासकीय माध्यमिक शाला टीकर, शासकीय माध्यमिक शाला सिंहपुर, नकटी (देवीपुर), शासकीय माध्यमिक शाला बचवई प्रत्येक को 18.25 लाख और डिलौरा को 10.61 लाख रूपये की स्वीकृति जारी की गई है। उचेहरा विकासखण्ड में शासकीय माध्यमिक शाला पोडी में जीर्ण-र्शीर्ण भवन के स्थान पर नवीन भवन बनाने 18.25 लाख रूपये की स्वीकृति दी गई है। इन कार्यो की निर्माण एजेंसी शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) को बनाया गया है। दोनों प्रकार के निर्माण कार्यों के लिए कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग सतना द्वारा तकनीकी स्वीकृति जारी की गई है। निर्माण कार्यों की एजेंसी संबंधित विद्यालयों की शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) होगी। कार्य प्रारंभ करने से पूर्व अनुबंध संपादित कराना अनिवार्य होगा। निर्माण कार्य राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल द्वारा निर्धारित ड्राइंग एवं डिजाइन के अनुसार उपयंत्री के मार्गदर्शन में कराए जाएंगे। निर्देशों के अनुसार सभी स्वीकृत कार्य वित्तीय वर्ष 2026-27 में पूर्ण कराए जायेंगे।
शिक्षा
सतना जिले के 26 सरकारी स्कूलों में मरम्मत और नवीन भवन निर्माण के लिए 313.83 लाख रुपये की स्वीकृति
जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से षिक्षण संस्थाओं का होगा कायाकल्प 9 स्कूलों में मेजर रिपेयर पर खर्च होंगे 26.50 लाख रुपये 5 स्कूलों में नवीन भवन निर्माण के लिए मिली 91.25 लाख रुपये की स्वीकृति
गांव जंक्शन डेस्क · सतना · 17 नवंबर 2026 · 5 मिनट



