जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने, उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने एवं हितग्राहियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को स्वरोजगार दिवस का आयोजन किया गया। साप्ताहिक जनसुनवाई के साथ आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने शासन की विभिन्न स्वरोजगारमूलक योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र, डेमो चेक एवं प्रतीकात्मक चाबी वितरित किए।
कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग (एनआरएलएम) द्वारा स्वयं सहायता समूह के अंतर्गत राधे-राधे समूह रामा एवं वसुनिया समूह रामा को आजीविका गतिविधियों के संचालन हेतु 6-6 लाख रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए।
इसी क्रम में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत श्री ऋतुराज नायक को परिवहन सेवा (आयशर) हेतु 21 लाख रुपये के लागत की प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की गई।
जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) विभाग द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत श्री इदरीस खान को प्लास्टिक सामान विक्रय के लिए 25 हजार रुपये, श्री रामसिंह हिहोर को फास्ट फूड व्यवसाय, रीतिका डाबी को सिलाई कार्य, नारू डामोर को पानी पताशे व्यवसाय के लिए 15-15 हजार रुपये के वितरण पत्रक प्रदान किए गए।
इस अवसर पर महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सुश्री पिंकी डिंडोर, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री गणेश कुमार सोनी, एनआरएलएम से श्रीमती कृष्णा रावत, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




