रानी दुर्गावती श्री अन्न प्रोत्साहन योजना अंतर्गत श्री अन्न प्रोत्साहन कंसोर्टियम ऑफ फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा खरीफ वर्ष 2026 में कोदो कुटकी का उपार्जन किया जाना है। इसके लिए 06 अक्टूबर से 05 नवम्बर 2026 तक किसानों का पंजीयन ई-उपार्जन पोर्टल पर किया जाएगा। कलेक्टर श्री कुमार सत्यम द्वारा जिले में कोदो कुटकी की फसल लगाने वाले किसानों के पंजीयन के लिए 19 केंद्र निर्धारित किये गए है। ई-उपार्जन पंजीयन के लिए आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के किसानों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए एग्रीस्टेक आईडी की अनिवार्यता से छूट प्रदान करते हुए पूर्व पंजीयन व्यवस्था के अनुसार कृषक पंजीयन की कार्यवाही की जाएगी। कोदो एवं कुटकी उत्पादक किसानों के पंजीयन के लिए बिरसा विकासखंड में सेवा सहकारी समिति दमोह, सालेटेकरी, मंडई, बिरसा, मानेगांव एवं सोनगुड्डा में पंजीयन केंद्र बनाया गया है। इसी प्रकार बैहर विकासखंड में आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था बैहर, गढी एवं भण्डेरी, परसवाडा विकासखंड में आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था उकवा, लांजी विकासखंड में सेवा सहकारी समिति घोटी, पालडोंगरी एवं देवरबेली, किरनापुर विकासखंड में सेवा सहकारी समिति बडगांव, लालबर्रा विकासखंड में सेवा सहकारी समिति मिरेगांव, कटंगी विकासखंड में सेवा सहकारी समिति बनेरा, खैरलांजी विकासखंड में सेवा सहकारी समिति खैरलांजी, वारासिवनी विकासखंड में सेवा सहकारी समिति वारासिवनी एवं बालाघाट विकासखंड में सेवा सहकारी समिति पायली-बालाघाट में पंजीयन केंद्र बनाया गया है।
कोदो एवं कुटकी उत्पादक किसान इन केंद्रो पर आगामी 05 नवम्बर 2026 तक अपना पंजीयन करा सकते है। इसके अलावा ग्राम पंचायत कार्यालय, जनपद स्तरीय कार्यालय एवं तहसील स्तरीय सुविधा केंद्रो पर नि:शुल्क पंजीयन की व्यवस्था की गई है। किसान एमपी ऑनलाईन कियोस्क कॉमन सर्विस सेंटर एवं निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साईबर कैफे में शुल्क जमा कर अपना पंजीयन कर सकते है।




