मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार धनतेरस के शुभ अवसर पर जिले में स्वामित्व योजना के अंतर्गत विशेष रजिस्ट्री शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके आवासीय भूखंडों का विधिक स्वामित्व अधिकार प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई। ग्राम लोचीतारा, चारणखेड़ी एवं रूपनगर में स्वामित्व अधिकार पत्रों की रजिस्ट्री का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किया गया। वहीं अन्य ग्रामों में भी विशेष शिविरों के माध्यम से रजिस्ट्री कार्य में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई।
बाजना में विधायक की उपस्थिति में 17 हितग्राहियों का रजिस्ट्रीकरण
जनपद पंचायत बाजना के सभाकक्ष में सैलाना विधायक श्री कमलेश्वर डोडियार के मुख्य आतिथ्य में स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्रीकरण एवं दस्तावेज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 17 हितग्राहियों के अधिकार अभिलेखों का रजिस्ट्रीकरण कर उन्हें पंजीकृत दस्तावेजों की छायाप्रतियां वितरित की गईं।
ग्राम पंचायत बाजना में कुल 587 हितग्राहियों के अधिकार अभिलेखों का रजिस्ट्रीकरण किया जाना है। इनमें से अब तक 216 हितग्राहियों का रजिस्ट्रीकरण पूर्ण हो चुका है। इस प्रकार लगभग 36.80 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है तथा शेष 371 हितग्राहियों का रजिस्ट्रीकरण प्रगतिरत है।
लोचीतारा में सभी 16 हितग्राहियों की रजिस्ट्री पूर्ण
रतलाम ग्रामीण अनुभाग के अंतर्गत विधायक श्री मथुरालाल डामर द्वारा चयनित ग्राम लोचीतारा में स्वामित्व योजना के सभी 16 हितग्राहियों के अधिकार पत्रों की रजिस्ट्री शत-प्रतिशत पूर्ण कर ली गई। इस उपलब्धि से ग्राम के सभी पात्र हितग्राहियों को उनके आवासीय भूखंडों का विधिक स्वामित्व अधिकार प्रदान करने की प्रक्रिया पूरी हुई।
चारणखेड़ी में लक्ष्य के अनुरूप रजिस्ट्री कार्य पूर्ण
आलोट विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 223 के अंतर्गत जनपद पंचायत आलोट के ग्राम चारणखेड़ी में स्वामित्व पट्टों के रजिस्ट्री पंजीयन का कार्य उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। निर्धारित 44 हितग्राहियों के लक्ष्य के विरुद्ध 37 रजिस्ट्रियां पूर्ण की गईं। शेष 7 प्रकरणों में 4 फौती नामांतरण तथा 3 पूर्व से पंजीकृत विक्रय पत्र के माध्यम से विक्रय के मामले शामिल हैं। इस प्रकार सभी 44 हितग्राहियों के संबंध में स्वामित्व पंजीयन की कार्यवाही पूर्ण की गई। धनतेरस के अवसर पर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इसे उत्सव के रूप में मनाया गया।
घटला, बोरवना एवं भटूनी में भी विशेष शिविर आयोजित
ग्राम पंचायत घटला में विशेष स्वामित्व रजिस्ट्री शिविर आयोजित किया गया। इसमें ग्राम बोरवना एवं भटूनी में लगभग 85 प्रतिशत तथा घटला में 80 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया। शिविर के माध्यम से शेष हितग्राहियों की रजिस्ट्री प्रक्रिया को भी गति प्रदान की गई।
रूपनगर में शत-प्रतिशत रजिस्ट्री पूर्ण
जावरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रूपनगर में भी स्वामित्व योजना के अंतर्गत सभी निर्धारित हितग्राहियों की रजिस्ट्री का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किया गया।
धनतेरस के अवसर पर आयोजित इन विशेष शिविरों से ग्रामीणों को उनके आवासीय भूखंडों का कानूनी स्वामित्व प्राप्त करने में सुविधा मिली। इससे ग्रामीण परिवारों को अपने संपत्ति अधिकारों का पंजीकृत दस्तावेज उपलब्ध कराने के साथ ही भविष्य में संपत्ति संबंधी कार्यों में भी सहूलियत मिलेगी।




