कटनी (28 सितंबर) - सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धूरी में कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, कचरे के उचित निस्तारण तथा जैविक कचरे से कम्पोस्ट खाद तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। सेवा संकल्प कार्यक्रम प्रभारी सुमेर सिंह लोधी ने विद्यार्थियों को कचरा पृथक्करण के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि घर और विद्यालय में निकलने वाले कचरे को अलग-अलग रखना आवश्यक है। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती गरिमा चंद्रवंशी ने भी विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। सुश्री अनुराधा नेमा ने विद्यार्थियों को जैविक कचरे से जैविक खाद एवं कम्पोस्ट खाद तैयार करने की प्रक्रिया विस्तारपूर्वक समझाई। उन्होंने बताया कि जैविक कचरे का उचित उपयोग कर उसे उपयोगी खाद में परिवर्तित किया जा सकता है, जिससे कचरे का निस्तारण होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक दीपक हनुमत सहित अन्य सभी शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कचरा पृथक्करण, कम्पोस्टिंग और वृक्षारोपण के माध्यम से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
शिक्षा
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धूरी में सेवा संकल्प अभियान के तहत कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग की दी गई जानकारी

गांव जंक्शन डेस्क · कटनी · 28 सितंबर 2026 · 2 मिनट






