कटनी जिले के किसानों के लिए नीम कोटेड यूरिया की 3 रैक झुकेही रैक प्वाइंट पहुंच गई हैं। रैक से 1230 मीट्रिक टन यूरिया उतारकर जिले के विभिन्न वितरण केंद्रों और संस्थाओं तक भेजी जाएगी।

डबल लॉक केंद्रों को मिला आवंटन

जिला विपणन अधिकारी आनंद नारायण पाण्डेय के अनुसार बहोरीबंद, स्लीमनाबाद और बरही के डबल लॉक केंद्रों को 150-150 मीट्रिक टन यूरिया आवंटित की गई है। मझगवा-बड़वारा डबल लॉक केंद्र को 90 मीट्रिक टन खाद दी गई है।

खास बातें

  • झुकेही में 1230 मीट्रिक टन यूरिया उतारने का काम जारी
  • डबल लॉक केंद्रों, सहकारी बैंक और अन्य संस्थाओं को आवंटन
  • खसरा नंबर और बोई गई फसल के आधार पर तय होगी मात्रा

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कटनी के लिए 270 मीट्रिक टन यूरिया आवंटित की गई है। एमपी एग्रो कटनी को कुल 180 मीट्रिक टन खाद मिलेगी।

सीएमएस कटनी, उमरियापान-ढीमरखेड़ा, रीठी, बड़वारा, बाकल, स्लीमनाबाद और ढीमरखेड़ा के साथ प्रियदर्शनी विपणन विजयराघवगढ़ को 30-30 मीट्रिक टन यूरिया आवंटित की गई है। प्रशासन का कहना है कि इससे किसानों को जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जा सकेगी।

बिना ई-टोकन नहीं मिलेगी खाद

कलेक्टर आशीष तिवारी ने कृषि विभाग को केवल ई-टोकन के जरिए खाद वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसान की जमीन के खसरा नंबर और बोई गई फसल के आधार पर सॉफ्टवेयर खाद की मात्रा तय करेगा।

किसान पोर्टल पर अलग-अलग केंद्रों में उपलब्ध स्टॉक देख सकेंगे। ई-टोकन पैक्स, डबल लॉक केंद्र, निजी विक्रेता, सशुल्क एमपी ऑनलाइन और कॉमन सर्विस सेंटर से लिया जा सकता है।

कृषि विभाग ने किसानों से मिट्टी के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर संतुलित मात्रा में उर्वरक इस्तेमाल करने की अपील की है। विभाग के मुताबिक अनावश्यक उपयोग से खेती की लागत बढ़ने के साथ भूमि की उर्वरक क्षमता प्रभावित होती है।