मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान बलराम का स्मरण करते हुए कहा कि खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए कृषि के साथ उद्यानिकी, मत्स्य पालन और पशुपालन जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा देना जरूरी है। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और कृषि आधारित उद्योगों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत आज कृषि उपज मंडी परिसर में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली शामिल हुए।

उन्होंने जबलपुर की कृषि विशेषताओं का उल्लेख करते हुए मटर, सिंघाड़ा और अन्य कृषि उत्पादों की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण को भी महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि के साथ उद्यानिकी, मत्स्य पालन और पशुपालन को भी प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने पशुपालन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को अच्छी नस्ल की गाय उपलब्ध कराने और उन्हें गोपालन के लिए प्रेरित करने के प्रयास किए जाएंगे। किसानों के घरों में शुद्ध दूध और दही उपलब्ध हो तथा प्राकृतिक खेती एवं जैविक उत्पादों को बढ़ावा मिले, इस दिशा में भी सहभागिता आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने जबलपुर में फूड पार्क और औद्योगिक गतिविधियों के विकास की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कृषि और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय से किसानों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार मिल सकता है। उन्होंने ने प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित करने तथा किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों और नई तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक श्री अशोक रोहाणी, श्री सुशील तिवारी इंदू, श्री नीरज सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा, अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अखिलेश जैन, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, ग्रामीण अध्यक्ष श्री राजकुमार पटेल, भाजपा किसान प्रदेश मंत्री श्री राजमणि सिंह बघेल, महामंत्री श्री पंकज दुबे, श्री सोनू बचवानी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री अभिनव यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक गेहलोत, अनुविभागीय अधिकारी अधारताल श्री मदन सिंह रघुवंशी, कृषि उप संचालक श्री उमेश कटहरे एवं कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने भी किसानों को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि बलराम कृषि महोत्सव किसानों को शासन की योजनाओं और आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। किसानों को बेहतर बाजार, सुविधायुक्त मंडियां और अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और प्राकृतिक उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में विधायक डॉ. अभिलाष पांडे भी वर्चुअली जुड़े थे।

राज्यसभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि ने कहा कि मुख्यमंत्री का किसानों से सीधा संवाद उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझने का अवसर है। किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ मिले और उनकी जरूरतों के अनुरूप प्रयास किए जाएं, यह आवश्यक है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित किसानों और अतिथियों का स्वागत किया।

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा ने कहा कि किसानों तक कृषि वैज्ञानिकों की सलाह, आधुनिक तकनीक और शासन की योजनाओं की जानकारी पहुंचाना जरूरी है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से किसान अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं और कृषि की नई पद्धतियों से परिचित हो सकते हैं। उन्होंने प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, आधुनिक कृषि यंत्रों और कृषि में उपयोगी तकनीकों की जानकारी किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों से कृषि के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन जैसी गतिविधियां अपनाने का भी आह्वान किया।

अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण उपलब्ध कराने सहित विभिन्न माध्यमों से सहायता देने के प्रयास किए जा रहे हैं। कृषि के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने से किसानों की आय में वृद्धि हो सकती है। उन्होंने उन्नत देशी नस्ल की दुधारू गायों के पालन को प्रोत्साहित करने और पशुपालकों को पुरस्कार योजनाओं के माध्यम से सम्मानित करने की जानकारी दी। योजना के अंतर्गत निर्धारित मापदंडों के अनुसार पुरस्कार राशि के रूप में एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये तक के पुरस्कार दिए जाने का प्रावधान बताया गया।

विधायक श्री सुशील तिवारी ‘इंदू’ ने कहा कि खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए किसानों को वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाना चाहिए। मिट्टी परीक्षण के आधार पर कृषि विशेषज्ञों की सलाह लेकर खेती करने से उत्पादन और गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है। कृषि के साथ मत्स्य पालन और पशुपालन जैसी गतिविधियां अपनाकर किसान अपनी आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित कर सकते हैं।

विधायक श्री नीरज सिंह ने कहा कि किसानों की समृद्धि से ही देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त होता है। मध्यप्रदेश में किसानों को कृषि, सिंचाई और बिजली से संबंधित सुविधाएं तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता दी जा रही है। उन्होंने प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के उत्पादन के लिए किसानों को नई तकनीकों और बेहतर कृषि पद्धतियों की जानकारी मिलना जरूरी है।

महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि खेती को लाभकारी बनाने के लिए किसानों को आधुनिक तकनीक के साथ प्राकृतिक खेती की ओर भी प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने भगवान बलराम के हल को कृषि और किसान जीवन का प्रतीक बताते हुए जबलपुर की कृषि परंपरा तथा जल संरचनाओं के महत्व का उल्लेख किया।

भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अखिलेश जैन ने कहा कि किसानों को कृषि संबंधी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाना चाहिए। कृषि के साथ उससे जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और किसानों की आय बढ़ाने के अवसर मिलेंगे।

भाजपा नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर ने स्वागत उद्बोधन में अतिथियों और किसानों का स्वागत करते हुए कहा कि किसानों के हितों और उनकी समृद्धि के लिए शासन तथा संगठन लगातार प्रयास कर रहे हैं। बलराम कृषि महोत्सव किसानों तक योजनाओं और नई कृषि तकनीकों की जानकारी पहुंचाने का उपयोगी मंच है।

कार्यक्रम में किसानों को कृषि, उद्यानिकी, प्राकृतिक खेती, पशुपालन और आधुनिक कृषि यंत्रों से संबंधित जानकारी देने पर जोर दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने किसानों से कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार खेती करने, शासन की योजनाओं का लाभ लेने और कृषि के साथ अन्य आयवर्धक गतिविधियां अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर संबंधित विभागों द्वारा जीवंत मॉडलों का प्रदर्शन भी किया गया एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान श्रीमती रुक्मणी पटेल, श्री वीरेंद्र सिंह, श्री रामदीन पटेल, श्री रामेश्वर, श्री कैलाश यादव, श्रीमती सीमा कुशवाहा, श्री अनिल पटेल तथा श्रीमती सविता विश्वकर्मा को जनप्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की।