मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत विदिशा जिले की सिरोंज तहसील के तीन क्लस्टर पथरिया, बामोरीशाला एवं देहरी जागीर के कुल 35 ग्रामों में शुक्रवार को शिविरों का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक, वन मंडलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सिरोंज के विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है साथ ही आम नागरिकों की समस्याएं सुनकर मौके पर ही समस्याओं के समाधान की पहल की है।
शिविरों में जिला स्तर से विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई थी। अधिकारियों ने संबंधित ग्राम पंचायतों में पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की कार्रवाई भी की गई।
बिजली संबंधी समस्याओं का मौके पर निराकरण -
अभियान के तहत ग्राम पंचायत हरगना खेड़ी में टपरे के विद्यालय के पास पहुंच मार्ग पर विद्युत तार नीचे लटके होने की शिकायत प्राप्त हुई। अधिकारियों ने मामले को प्राथमिकता से लेते हुए विद्युत विभाग के कर्मचारियों से मौके पर ही तारों को व्यवस्थित कराया। इसी प्रकार ग्राम पंचायत बड़ौदा ताल में डीपी के तारों को व्यवस्थित करने की कार्रवाई की गई। ग्राम पंचायत खेरखेड़ी टपरा एवं बामोरीशाला में भी संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से बिजली के तारों को दुरुस्त कराया गया। ग्राम पंचायत बरेज में ग्रामीणों ने बिजली की केवल खराब होने से विद्युत आपूर्ति बाधित होने की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए डीपी से नई केवल डलवाकर ग्राम की विद्युत आपूर्ति बहाल कराई गई। समस्या का निराकरण होने पर ग्राम के श्री देवेन्द्र सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया।
दो अति कुपोषित बच्चों को एनआरसी में कराया भर्ती -
शिविर के दौरान ग्राम पंचायत बड़ौदा ताल में निरीक्षण के समय दो बच्चे अति कुपोषित पाए गए। अधिकारियों ने उनके परिजनों को समझाइश देकर बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं उपचार के लिए तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से एनआरसी सिरोंज में भर्ती कराया। वहीं, ग्राम पंचायत शाहपुर के आंगनवाड़ी भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर आंगनवाड़ी केंद्र को तत्काल दूसरे सुरक्षित भवन में स्थानांतरित करने की कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना तथा नागरिकों को स्थानीय स्तर पर राहत उपलब्ध कराना है।
इन ग्रामों में पहुंचे अधिकारी, शिविरों में सुनी समस्याएं -
पथरिया क्लस्टर की जिन ग्राम पंचायतो में शिविरो का आयोजन किया गया उनमें कस्बाताल, पथरिया, गुलाबगंज, सियलपुर, भटौली, सोना, बगरोदा, बमुलियाताल, बडौदाताल, महादेवखेडी, कूजा, रूसल्सीदामा शामिल हैं इसी प्रकार बामोरीशाला क्लस्टर के चिन्हित ग्राम क्रमशः ललितपुर, रूसल्लीघाट, हरगनाखेडी, सालपुरकला, प्याराखेडी, बरेज, करैयाहाट, त्रिभुवनपुर, बामोरीशाला, दीपनाखेडा, जगथर, रिनिया तथा देहरीजागीर क्लस्टर के ग्राम सब्दलपुर ताल, घौसुआताल, इकोदिया, सुल्तानपुर, मूडराबागल, बेरखेडी जागीर, उनारसीताल, घटवार, परसौरा, इकलौद एवं देहरीजागीर में शिविर आयोजित हुए।


