कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक के दौरान पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि सहकारिता विभाग के माध्यम से जिले में दुग्ध सहकारी समितियों का गठन किया जायें तथा पशुपालन बढाने के साथ ही दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए कार्य किये जायें। इसके साथ ही उन्होंने आधार अपडेशन एवं अनुसूचित जनजाति के जाति प्रमाण पत्र बनाने हेतु शिविर लगाये जाने के निर्देश भी दिये।

इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, एसडीएम श्री गगन मीणा, डिप्टी कलेक्टर श्री शिवलाल शाक्य एवं श्री विजय शाक्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि सभी 236 पंचायतों को कवर करते हुए कलस्टर बनाकर आधार अपडेशन, नवीन आधार बनाने और अनूसुचित जनजाति के जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए शिविर लगाये जायें। इससे जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकताओं वाली जनकल्याणकारी योजनाओं में लोगों को लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि सीईओ जिला पंचायत द्वारा शिविर आयोजन का शिड्यूल तैयार किया जायेगा।

उन्होंने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि पैक्स समितियों में नवीन सदस्यता अभियान के तहत 31 मार्च के पूर्व तक लक्ष्य अनुसार सदस्य बनाये जायें। इसके साथ ही उन्होंने रघुनाथपुर सेेक्टर के बरी का हार तथा पेपरसिल बस्ती में नवीन आंगनबाडी भवन का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश भी दिये।

बैठक में बताया गया कि पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत 95 आंगनबाडी भवनों में से 45 का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा 47 में निर्माण कार्य प्र्रगति पर है, तीन स्थानों पर कार्य शुरू कराया जा रहा है। इस अवसर पर आदि सेवा केन्द्रों के सुचारू संचालन के साथ ही आंकाक्षी विकासखण्ड अंतर्गत निर्धारित सूचकांको में प्रगति बढाये जाने के निर्देश भी दिये।

इस अवसर पर सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा भी की गई।

एमडीएम के लिए अधिकारी होंगे नियुक्त, भोजन भी करेंगे

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने निर्देश कि प्रधानमंत्री पोषण योजना अंतर्गत विद्यालयों में संचालित मध्यान्ह भोजन के सुचारू संचालन तथा मैन्यू अनुसार गुणवत्ता के साथ भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए रोस्टरवार अधिकारियों को नियुक्त करने के निर्देश भी दिये। इस दौरान उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने भ्रमण के साथ स्कूलों में मध्यान्ह भोजन का निरीक्षण भी करेंगे तथा बच्चों के साथ बैठकर भोजन भी करेंगे।

भोजन अवकाश के बाद पहुंचने की स्थिति में एमडीएम सैम्पल की जांच करेंगे। सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल ने कहा कि जिला पंचायत द्वारा अधिकारियों का रोस्टर तैयार किया जायेगा और अधिकारियों को मध्यान्ह भोजन निगरानी दी जायेगी। अधिकारी मध्यान्ह भोजन के संबंध में अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे तथा खराब गुणवत्ता का भोजन प्रदाय करने वाले समूहों पर कार्यवाही की जायेगी।