अंतर्राष्ट्रीय महिला कृषि वर्ष- 2026 के अंतर्गत आत्मा परियोजना द्वारा पनागर विकासखंड के ग्राम मोहनिया में महिला किसानों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को पहचानना तथा उन्हें कृषि की नवीन तकनीकों, प्राकृतिक खेती एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ना था।
कार्यक्रम में महिला किसानों ने कृषि कार्यों के दौरान आने वाली समस्याओं, अनुभवों एवं सुझावों को साझा किया। कृषि अधिकारियों द्वारा महिला किसानों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
इस अवसर पर परियोजना संचालक आत्मा डॉ इंदिरा त्रिपाठी ने कहा कि महिलाएं कृषि क्षेत्र की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। खेती से लेकर पशुपालन, बीज संरक्षण, प्रसंस्करण एवं कृषि उत्पादों के विपणन तक महिलाएं महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने महिला किसानों से आधुनिक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सहायक तकनीकी प्रबंधक दीपमाला महोबे एवं कृषि सखी की उपस्थिती रही। महिलाओं ने प्राकृतिक खेती से जुड़े विषयों पर सक्रिय रूप से संवाद किया। कार्यक्रम के अंत में महिला किसानों के योगदान को सराहा गया तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने के लिए प्रोत्साहित किया गया।







