मोटे अनाज की खेती करने वाले किसानों के लिए कोदो-कुटकी उपार्जन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के तहत खरीफ वर्ष 2026-27 में कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर किसानों का पंजीयन कराया जा रहा है। किसान 25 नवंबर 2026 तक अपना पंजीयन करा सकेंगे। इसके पश्चात 30 नवंबर 2026 तक पंजीकृत किसानों का सत्यापन किया जाएगा।
राज्य शासन द्वारा योजना के अंतर्गत प्रदेश के 15 चयनित जिलों में कोदो-कुटकी का उपार्जन किया जाना है, जिसमें शहडोल जिला भी शामिल है। उपार्जन की जिम्मेदारी श्रीअन्न प्रोत्साहन कंसोर्टियम ऑफ फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड को सौंपी गई है।
कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कोदो-कुटकी का उत्पादन करने वाले अधिक से अधिक किसानों का निर्धारित समय-सीमा में पंजीयन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही पंजीकृत किसानों का सत्यापन भी 30 नवंबर तक अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए, ताकि किसानों को योजना का लाभ मिल सके।
जिला प्रशासन ने कोदो-कुटकी उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित अंतिम तिथि 25 नवंबर 2026 तक अपना पंजीयन अवश्य करा लें।



