स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नरसिंहपुर की पांच छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए विश्वविद्यालय की टीम में स्थान प्राप्त किया है। छात्राओं के इस चयन से महाविद्यालय एवं जिले का गौरव बढ़ा है।
महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी श्री अर्पित सक्सेना ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के खेलकूद कैलेंडर 2026-27 के अंतर्गत महाविद्यालय द्वारा विगत 3 एवं 4 नवम्बर को संभाग स्तरीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर विश्वविद्यालय की टीम का गठन किया गया, जिसमें नरसिंहपुर महाविद्यालय की पांच प्रतिभाशाली छात्राओं ने अपनी जगह बनाई है।
चयनित विश्वविद्यालय की टीम आगामी 23 से 29 नवम्बर 2026 तक पी.पी. सावनी यूनिवर्सिटी, कोसांबा, सूरत (गुजरात) में आयोजित पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में सहभागिता करेगी। इस प्रतियोगिता में पश्चिमी क्षेत्र के विभिन्न विश्वविद्यालयों की लगभग 60 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए विश्वविद्यालय की टीम 22 नवम्बर को सूरत के लिए रवाना होगी। इसके बाद टीम दिसंबर माह में इंदौर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी भाग लेगी।
पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयनित छात्राओं में ग्राम बिछुआ कला की शिवानी धुर्वे पिता श्री घनश्याम धुर्वे, ग्राम सुपला की आरजू कुर्मी पिता श्री तुलसीराम कुर्मी, ग्राम आमगांव की नेहा पिता श्री तेजराम व रमा भारिया पिता श्री रामकृष्ण भारिया और ग्राम ज ल्लापुर की रागिनी मेहरा पिता श्री राजू मेहरा शामिल हैं। महाविद्यालय की पांचों छात्राओं की इस उपलब्धि पर प्राचार्य, क्रीड़ा अधिकारी, समस्त प्राध्यापकगण एवं महाविद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।





