भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश में 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की समय-सारणी निर्धारित की गई है। मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री संजीव कुमार झा ने आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्धारित समय-सारणी के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदान केंद्रों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन की प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 तक पूरी की जाएगी। इसके बाद 12 नवंबर 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। संपूर्ण प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री संजीव कुमार झा ने प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्धारित समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अद्यतन किया जाएगा।