मंदसौर जिले में रबी फसलों के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। किसान आसानी से सभी प्रकार के उर्वरक प्राप्त कर सकें इसके लिए वितरण व्यवस्था को और आसान किया जा रहा है। कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह द्वारा रविवार को कलेक्टर कार्यालय सभा कक्ष में भारतीय किसान संघ के जिले के पदाधिकारियो के साथ आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में कार्य योजना तैयार की गई। किसानों को बगैर परेशानी के आसानी से उर्वरक उपलब्ध हो सके इसकी रूपरेखा कलेक्टर द्वारा निर्धारित की गई।
बैठक में भारतीय किसान संघ के जिला पदाधिकारी श्री भंवर सिंह पवार, श्री प्रीतिपाल सिंह देवड़ा, सुश्री आशा कुंवर राठौर, श्री राधेश्याम भाटी, श्री बालेश्वर पाटीदार, श्री प्यारचंद भारती, सुश्री शकुंतला परमार, श्री भंवर लाल शर्मा, श्री मोहनलाल बोडाना, उपसंचालक कृषि श्री रविंद्र मोदी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक श्री सुनील कछारा, मार्केटिंग फेडरेशन जिला अधिकारी सुश्री गरिमा सेंगर, एमपी एग्रो के श्री अग्रवाल के अलावा सहकारिता आदि अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान कम से कम समय में आसानी से सभी प्रकार के उर्वरक प्राप्त कर सके। इसके लिए चौकस रहकर गंभीरता से कार्य करें। नगद विक्रय केंद्रों के समय में भी वृद्धि की जा रही है। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि अब जिले के नगद विक्रय केंद्र प्रातः 8:00 बजे से कार्य करेंगे। इसके साथ ही शनिवार को भी नगद विक्रय केंद्र खुला रखा जाएगा। जिससे अधिकाधिक किसान लाभ उठा सकेंगे और अधिक pos मशीनों की आवश्यकता की दृष्टिगत कलेक्टर ने निर्देश दिए कि उर्वरक वितरण केंद्रों पर pos मशीनों की संख्या में पर्याप्त संख्या में वृद्धि की जाए। प्रत्येक केंद्र पर अब पांच मशीने रहेगी जिससे ज्यादा किसानों को कम समय में उर्वरक वितरण किया जा सकेगा इसके लिए शासन से और 100 मशीने मंगवाई जा रही हैं। कलेक्टर ने मशीनों को ऑपरेट करने के लिए पर्याप्त संख्या में दक्ष अमला भी केंद्रो पर तैनात करने के निर्देश दिए। डबल लाक केंद्रों पर भी अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किये जाएंगे। नगद विक्रय केंद्रों, सहकारी समितियों सहीत प्रत्येक उर्वरक वितरण केंद्र पर सभी प्रकार के उर्वरकों का पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है, जिससे पृथक-पृथक उर्वरक के लिए किसानों को अलग-अलग स्थानो पर नहीं जाना पड़ेगा।
बैठक में बताया गया कि जिले में सेवा सहकारी समितियो, नगद विक्रय केंद्रों के अलावा 104 प्राइवेट दुकानों पर भी उर्वरक विक्रय के लिए उपलब्ध है जहां से किसान उर्वरक क्रय कर सकते हैं। कलेक्टर ने उपसंचालक कृषि को निर्देशित किया कि जिले की प्राइवेट दुकानों की जानकारी का भी सघन प्रचार प्रसार किया जाए ताकि किसानों को प्राइवेट दुकानों के संबंध में भी जानकारी रहे।
कलेक्टर ने बैठक में कहा कि जिला प्रशासन किसानों को सभी प्रकार के उर्वरक पर्याप्त मात्रा में और समय सीमा में उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से कार्य कर रहा है किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी जिले में पर्याप्त मात्रा में यूरिया डीएपी सहित सभी प्रकार के उर्वरक उपलब्ध है शासन निर्देशानुसार जिले के सभी नगद विक्रय केंद्रों, सहकारी समितियां तथा 104 निजी उर्वरक विक्रेताओं के माध्यम से किसानों को एक समान दर पर तथा एक समान गुणवत्ता का उर्वरक उपलब्ध कराया जा रहा है। किसानों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं दें।
बैठक में उपसंचालक कृषि श्री मोदी ने अवगत कराया कि जिले में लगातार उर्वरक रैक आरहे है। नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड का एक रैक नीमच में लगा है शाम तक कृभको की रैक आने वाली है। जिसमें 3 हजार मेट्रिक टन यूरिया प्राप्त होगा। इसके अलावा सोमवार को लगभग 2500 मैट्रिक टन यूरिया की एक ओर रेक प्राप्त होने वाली है। उर्वरक की कोई कमी नही है। जिले की 104 प्रायवेट दुकानो से भी किसान समान गुणवत्ता तथा समान दर पर उर्वरक प्राप्त कर सकते है। किसानों से यह भी अपील की गई है कि वह विक्रय केंद्रों पर एक साथ भीड़ के रूप में एकत्र नहीं हो जिले में मांग के अनुसार उर्वरकों की सतत आपूर्ति जारी है। जिले की समितियों के उपकेंद्रों पर भी सभी प्रकार का उर्वरक एक साथ उपलब्ध कराया जा रहा है। जिससे अलग- अलग दुकानो पर किसानो को नही जाना पड़ेगा।




