देवास जिले के ग्राम बिसलखेड़ी की श्रीमती किरण गुनाया ने स्व-सहायता समूह से जुड़कर अपनी मेहनत और लगन से आत्मनिर्भरता की मिसाल कायम की है। श्रीमती गुनाया ने स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद 20 हजार रुपए के ऋण से किराना दुकान की शुरुआत की। दुकान से उन्हें नियमित आमदनी होने लगी। इसके बाद उन्होंने दूसरी बार समूह से ऋण लेकर कृषि कार्य प्रारंभ किया। कृषि संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्होंने फूल और सब्जी की खेती शुरू की, जिससे उनकी आय में और वृद्धि हुई।

आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ते हुए श्रीमती किरण ने तीसरी बार समूह से एक लाख रुपए का ऋण लिया। अपनी ओर से कुछ राशि मिलाकर उन्होंने ट्रैक्टर खरीदा। अब कृषि कार्य के साथ ट्रैक्टर से भी उन्हें आर्थिक लाभ मिल रहा है। उनकी मेहनत और विभिन्न आय के साधनों के चलते आज उनकी वार्षिक आय करीब ढाई लाख रुपए तक पहुंच गई है।श्रीमती किरण गुनाया ने बताया कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला। उन्होंने लखपति दीदी की श्रेणी में आने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को हृदय से आभार व्यक्त किया है।