मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले में आयोजित शिविरों एवं विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रही गतिविधियों का कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता द्वारा भ्रमण कर जायजा लिया गया। भ्रमण के दौरान उन्होंने स्टेट हाइवे किनारे स्थित ग्राम पंचायत सांकल खेड़ा खुर्द एवं सातपाड़ा सराय में स्थानीय स्तर पर आय के स्रोत बढ़ाने और ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने की सलाह दी।

कलेक्टर श्री गुप्ता ने ग्राम पंचायतों के भ्रमण के दौरान कहा कि स्टेट हाइवे से लगे स्थानों पर ग्राम पंचायत की उपलब्ध भूमि एवं स्थानीय परिस्थितियों का परीक्षण कर व्यवस्थित रूप से दुकानें विकसित की जा सकती हैं। इन दुकानों को स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार संचालन के लिए अवसर के रूप में उपलब्ध कराया जा सकता है। इससे एक ओर ग्रामीण युवाओं को अपने ही गांव में व्यवसाय शुरू करने का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर ग्राम पंचायत की स्वयं की आय में भी वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतें स्थानीय संसाधनों और अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप ऐसे नवाचारों पर कार्य करें, जिनसे पंचायत की आर्थिक स्थिति मजबूत हो तथा ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हों। स्टेट हाइवे किनारे होने के कारण इन स्थानों पर दुकानें विकसित किए जाने से स्थानीय उत्पादों, दैनिक उपयोग की सामग्री एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए भी बेहतर बाजार उपलब्ध हो सकता है।

कलेक्टर श्री गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि प्रस्तावित दुकानों के लिए स्थान का चयन, उपलब्ध भूमि, आवश्यक अधोसंरचना तथा पंचायत की आय में संभावित वृद्धि जैसे बिंदुओं का परीक्षण कर कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वरोजगार संचालन के अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री गुप्ता द्वारा किए जा रहे ग्राम भ्रमण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संभावनाओं को चिन्हित कर विकास एवं जनसुविधाओं को और बेहतर बनाना है।