जिले में सीताफल की गुणवत्ता और किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने के उद्देश्य से संचालित ‘सीताफल से समृद्धि’ अभियान के तहत उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा सीताफल उत्पादक क्षेत्रों में किसानों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने सोमवार को सीताफल उत्पादक क्षेत्रों का भ्रमण कर किसानों से चर्चा की तथा अपरिपक्व सीताफल की तुड़ाई नहीं करने की समझाइश दी। विभागीय टीम ने किसानों को समझाइश दी कि सीताफल को पर्याप्त रूप से परिपक्व होने तथा फल की आंखें अच्छी तरह खुलने के बाद ही पेड़ से तोड़ा जाए। अपरिपक्व अवस्था में फल की तुड़ाई और बिक्री करने से उसकी गुणवत्ता प्रभावित होती है, जिससे किसानों को अपेक्षित मूल्य नहीं मिल पाता। टीम ने किसानों से आग्रह किया कि बेहतर गुणवत्ता और बाजार मूल्य के लिए फलों को उचित परिपक्वता तक पेड़ पर रहने दें। इसी प्रकार वनक्षेत्रों में उपलब्ध सीताफल की तुड़ाई भी पूर्ण परिपक्वता के बाद ही करने की समझाइश दी जा रही है। विभाग द्वारा किसानों और संबंधित लोगों को बताया जा रहा है कि परिपक्व सीताफल की तुड़ाई से उत्पाद की गुणवत्ता बेहतर रहती है और जिले के सीताफल की पहचान एवं बाजार मूल्य को बनाए रखने में भी मदद मिलती है। जिला उद्यानिकी अधिकारी डॉ. आशा उपवंशी-वासेवार के नेतृत्व में विभागीय टीम द्वारा सीताफल उत्पादक क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों से सीधे संवाद किया जा रहा है। टीम में कृषि वैज्ञानिक श्री गजेंद्र राणा, उद्यानिकी अधिकारी श्री बोरन सिंह बघेल, श्री नीलेश परिहार, श्री सुबोध ठाकरे एवं श्री कैलाश आम्रवंशी शामिल रहे।





