कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने ग्राम बिरमावल स्थित श्री कामधेनु गौशाला पहुंचकर गौ माता की पूजा-अर्चना की तथा गौ माता को हरा चारा खिलाया। उन्होंने गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर वहां गोवंश के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि श्री कामधेनु गौशाला जन सहयोग के माध्यम से बेहतर तरीके से संचालित की जा रही है। यह बहुत ही अच्छा कार्य है। गौशाला के संचालन में जन सहयोग के साथ-साथ राज्य शासन द्वारा भी सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी बहुत कम गौशालाएं देखने में आती हैं, जिनका संचालन बेहतर तरीके से किया जा रहा हो और जिन्हें समाज का पूरा सहयोग मिल रहा हो।

कलेक्टर ने गौशाला में गोवंश के लिए चारा, पानी, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने गौशाला के बेहतर संचालन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन सहित संबंधित अधिकारी एवं गौशाला के पदाधिकारी उपस्थित रहे।