स्वच्छ सर्वेक्षण- 2026 एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नागरिकों में स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम बुरहानपुर द्वारा श्रीगणेश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकगण के सहयोग से जन-जागरूकता रैली आयोजित की गई।रैली के माध्यम से नागरिकों को स्त्रोत पर ही चार प्रकार के कचरे- गीला कचरा, सूखा कचरा, सेनेटरी कचरा एवं विशेष देखभाल कचरा अलग-अलग रखने तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और इसके स्थान पर पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने का संदेश दिया गया।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने प्रभावी नारों के माध्यम से नागरिकों को ‘‘कचरा अलग करें, स्वच्छ शहर में अपना योगदान दें’’ सहित विभिन्न स्वच्छता संदेश दिए। नगर निगम कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार कार्यक्रम में स्वच्छता चेयरमैन एवं वार्ड क्रमांक 43 के पार्षद द्वारा नागरिकों को स्त्रोत पर ही कचरा पृथक्करण के महत्व की जानकारी दी गई।

वहीं वार्ड क्रमांक 07 की पार्षद श्रीमती संजू राजा खत्री द्वारा स्वच्छता एवं घर पर ही कचरे के पृथक्करण को लेकर विद्यार्थियों एवं नागरिकों को संकल्प दिलाया गया।कार्यक्रम में स्वच्छता चेयरमैन श्री धनराज महाजन, तिलक वार्ड पार्षद श्रीमती संजू राजा खत्री, लालबाग वार्ड पार्षद श्री आशीष शुक्ला, श्रीगणेश उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य श्री गोपाल मजूमदार, स्वच्छता पर्यवेक्षक श्री राकेश कुशवाह, तिलक वार्ड सुपरवाइजर श्री वीरेंद्र जंगाले, आईईसी टीम सहित विद्यालयीन विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।नगर निगम द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि कचरे को घर से ही अलग-अलग रखें, प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ बुरहानपुर के निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं।