नक्सलवाद से मुक्ति के बाद अब बालाघाट जिले के नक्सल प्रभावित रहे गांवों में विकास की नई इबारत लिखने की तैयारी शुरू हो गई है। इन गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, अधोसंरचना विकास और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन मिशन मोड में काम कर रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को जिले के 7 गांवों का अधिकारियों की टीम ने भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।जिला प्रशासन द्वारा नक्सल प्रभावित रहे 100 गांवों को चिह्नित किया गया है। इन सभी गांवों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को 14 दिनों के भीतर भ्रमण कर ग्रामीणों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य लंबे समय तक नक्सल प्रभाव के कारण विकास की मुख्यधारा से पीछे रहे गांवों तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है।
बैहर और लांजी क्षेत्र के 7 गांवों में पहुंची अधिकारियों की टीम
इसी क्रम में 3 नवंबर को बैहर एसडीएम श्री अनिकेत शांडिल्य ने अधिकारियों के साथ ग्राम एक्कों, गौनाझोला एवं सोनपुरी का भ्रमण किया। वहीं, लांजी एसडीएम श्री आदित्य नारायण तिवारी ने अधिकारियों की टीम के साथ ग्राम हर्राडेही, नल्लेझरी, नरपी एवं बोदादलखा का दौरा किया। भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना और गांवों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को समझा। ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं, विकास संबंधी अपेक्षाओं और स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाओं की जानकारी भी ली गई।
पशुपालन, मशरूम उत्पादन से रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर
ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अधिकारियों ने विभिन्न रोजगारमूलक गतिविधियों की जानकारी दी। इसमें पशुपालन, मशरूम उत्पादन, वनोपज आधारित व्यवसाय तथा कृषि से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से आय बढ़ाने के विकल्पों के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को इन गतिविधियों से जुड़कर स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही स्थानीय संसाधनों और उपलब्ध संभावनाओं के आधार पर गांवों में विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
100 में से 51 गांवों का हो चुका है भ्रमण
जिला प्रशासन द्वारा तय कार्ययोजना के तहत नक्सल प्रभावित रहे 100 गांवों में अधिकारियों के भ्रमण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। 3 नवंबर तक इनमें से 51 गांवों का भ्रमण पूरा किया जा चुका है। शेष गांवों में भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर अधिकारियों की टीम पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद करेगी और विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार करेगी।नक्सलवाद से प्रभावित रहे इन गांवों में प्रशासन की इस पहल को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, रोजगार के नए अवसरों और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से इन क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।


